Manimajra me smart water meter hatane ki mang । Sasand Manish Tivari ko Diya patra.
चंडीगढ़: मनीमाजरा में 24x7 स्मार्ट वाटर सप्लाई पायलट प्रोजेक्ट के विफल होने के बावजूद घरों में लगाए गए स्मार्ट वाटर मीटरों से आ रहे भारी-भरकम पानी के बिलों को लेकर कांग्रेस ने आवाज उठाई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत ढिल्लों ने सांसद मनीष तिवारी से मुलाकात कर उन्हें पत्र सौंपा और मामले में हस्तक्षेप की मांग की। सुरजीत ढिल्लों के साथ मनीमाजरा के तीनों ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव गाबा, मतलूब खान और पंकज ठाकुर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच. एस. लक्की को भी पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि 24x7 स्मार्ट वाटर सप्लाई पायलट प्रोजेक्ट अपने निर्धारित उद्देश्यों को पूरा करने में विफल रहा है। इसके बावजूद स्मार्ट मीटरों के कारण लोगों को अत्यधिक पानी के बिल मिल रहे हैं, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि मनीमाजरा में लगाए गए स्मार्ट वाटर मीटर हटाए जाएं, अत्यधिक आए पानी के बिलों की समीक्षा कर उन्हें दुरुस्त किया जाए और प्रभावित लोगों को राहत दी जाए । सुरजीत ढिल्लों ने कहा कि जब पायलट प्रोजेक्ट ही सफल नहीं हुआ, तो उसके तहत लगाए गए स्मार्ट मीटरों का बोझ जनता पर डालना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मनीमाजरा के लोगों की इस समस्या को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी और जब तक लोगों को उचित राहत नहीं मिलती, तब तक यह मुद्दा प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।
Source: Chandigarh Dinbhar

0 Comments